शिव सेना हिंदुस्तान ने सैद प्लाटो में गठित की नई इकाई, नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने का लिया संकल्प
जम्मू, 28 जून (हि.स.)। शिव सेना हिंदुस्तान ने रविवार को आरएस पुरा के अरनिया ब्लॉक स्थित सैद प्लाटो में एक बैठक आयोजित कर संगठन की नई इकाई का गठन किया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष पंडित राजेश केसरी ने की। इस दौरान जसविंदर सिंह को अध्यक्ष, प्रदीप चौधरी को उपाध्यक्ष, नरेश कुमार को सचिव, कुलविंदर सिंह को कोषाध्यक्ष तथा अमित चौधरी को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र के कई लोगों ने शिव सेना हिंदुस्तान की सदस्यता भी ग्रहण की।
बैठक में बॉर्डर अध्यक्ष संजीव शर्मा और अरनिया अध्यक्ष बलवंत सैनी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर राजेश केसरी ने सभी नए सदस्यों और पदाधिकारियों को संगठन के प्रति ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के 100 दिवसीय 'नशा मुक्त भारत' अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में केसरी ने कहा कि समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे विद्यालय के बाद अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ने वाले युवा न केवल नशे से दूर रहेंगे बल्कि देश का नाम भी रोशन करेंगे।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि गांवों में कहीं भी नशे का कारोबार या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों अथवा संबंधित पुलिस थाने को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे मामलों में सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा