सिनेमाघरों की लूट पर लगाम और डोगरी फिल्मों के लिए निश्चित शो की मांग: शिवसेना

 


जम्मू , 28 मार्च (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर इकाई ने सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में टिकटों व खाने-पीने की वस्तुओं की मनमानी कीमतों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए “खुली लूट” पर तत्काल लगाम लगाने की मांग की है। साथ ही डोगरी व अन्य स्थानीय भाषाओं की फिल्मों को बड़े पर्दे पर अनिवार्य स्थान देने की भी जोरदार पैरवी की गई है।

इस संबंध में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट को एक लिखित ज्ञापन सौंपा जिस पर प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि सिनेमाघरों में आम जनता की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर टिकटों की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं दूसरी ओर पॉपकॉर्न, कोल्ड ड्रिंक और अन्य खाद्य पदार्थ कई गुना महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं जो पूरी तरह से आर्थिक शोषण है।

साहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस लूट पर रोक नहीं लगाई गई तो शिवसेना सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने सिनेमाघर मालिकों से तुरंत मनमानी बंद करने और प्रशासन से सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

इसके साथ ही साहनी ने मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों से डोगरी व अन्य स्थानीय भाषाओं की फिल्मों को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि जम्मू की समृद्ध डोगरी संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। जब बाहरी फिल्मों को भरपूर स्क्रीन मिलती हैं, तो स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को भी समान अवसर मिलना चाहिए।

शिवसेना ने मांग की कि प्रत्येक मल्टीप्लेक्स में स्थानीय फिल्मों के लिए निश्चित शो अनिवार्य किए जाएं ताकि क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा मिले और युवाओं को अपने ही प्रदेश में मंच प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता