नैतिक मतदान पर निबंध प्रतियोगिता में शारदा पंगोत्रा प्रथम
कठुआ, 22 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से विद्यार्थियों के लिए नैतिक मतदान-जाति संप्रदाय और दबाव से परे विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल के मार्गदर्शन में स्मार्ट क्लास रूम में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न सेमेस्टर के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक, जागरूक और जिम्मेदार मतदान के प्रति समझ विकसित करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदार नागरिकता के महत्व से अवगत कराना था।
प्रतियोगिता में सेमेस्टर पांचवीं की शारदा पंगोत्रा ने प्रथम, भूमिका जसरोटिया ने द्वितीय तथा सेमेस्टर तृतीय की ओनीका और पलक शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. ईवा शर्मा और प्रो. सुप्रीत कौर शामिल रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. निताशा बालोरिया और डॉ. कमलजोत कौर ने किया जबकि संयोजक प्रो. पवन अत्री का मार्गदर्शन रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में चुनावी जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया