व्यस्त एमए रोड पर यातायात जाम को कम करने के लिए संगरमल और जहांगीर चौक पर स्लिप लेन सहित कई छोटे-छोटे उपाय किए जा रहे हैं-आयुक्त फज़ लुल हसीब
श्रीनगर, 15 सितंबर (हि.स.)। श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) के आयुक्त फज़ लुल हसीब ने मंगलवार को कहा कि व्यस्त एमए रोड पर यातायात जाम को कम करने के लिए संगरमल और जहांगीर चौक पर स्लिप लेन सहित कई छोटे-छोटे उपाय किए जा रहे हैं।
श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए हसीब ने कहा कि एसएमसी अपने इंजीनियरों और श्रीनगर स्मार्ट सिटी टीम के समन्वय से यातायात के दबाव को कम करने और सड़क पर वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने के उपायों पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमने संगरमल और जहांगीर चौक के लिए दो डिज़ाइन तैयार किए हैं। आप अगले कुछ दिनों में काम शुरू होते देखेंगे और कुछ छोटे-छोटे उपायों से यातायात की आवाजाही में सुधार होगा।
आयुक्त ने कहा कि एसएमसी बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए एक प्रवर्तन योजना बनाने के लिए एसएसपी ट्रैफिक के साथ भी समन्वय करेगी। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल हम स्लिप लेन शुरू करेंगे और देखेंगे कि यातायात को कैसे प्रबंधित किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता