बसोहली के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश राज स्पोलिया का निधन

 

जम्मू, 02 नवंबर (हि.स.)। जम्मू संभाग में बसोहली के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश राज स्पोलिया का निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक पोस्ट में लिखा कि बसोहली के पूर्व विधायक श्री जगदीश राज स्पोलिया जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने आगे कहा कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

पोस्ट में लिखा है कि दुख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने पवित्र चरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता