अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘गिव टू गेन’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित

 


जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। जम्मू स्थित जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्पार्श समिति और महिला विकास प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “गिव टू गेन” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता को रेखांकित करना था। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार गुप्ता के संरक्षण में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में आयोजन समितियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, जागरूकता और समान अवसरों के माध्यम से ही महिलाओं को सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वंदना खजूरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो पूरा समाज सशक्त होता है। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महिला विकास प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. यासमीन मुगल के स्वागत भाषण से हुई जिसमें उन्होंने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और उपस्थित दर्शकों का स्वागत किया। संगोष्ठी का संचालन आमिर ने किया और पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया।

संगोष्ठी में छात्रों ने “गिव टू गेन” विषय पर अपने विचार उत्साहपूर्वक प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. आकांक्षा परिहार और प्रो. प्रीति गुप्ता ने किया। परिणामों की घोषणा में धनशिका शर्मा ने प्रथम, रिधिमा टिक्कू ने द्वितीय और अनिरुद्ध सोढ़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ. नीतू और डॉ. मीनू शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी भाग लिया और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा