सोपोर के वदूरा में नाला पोहरू में डूबे 13 वर्षीय लड़के की तलाश दूसरे दिन भी जारी
सोपोर, 03 अगस्त (हि.स.)। सोपोर के वदूरा में नाला पोहरू में डूबे 13 वर्षीय लड़के की तलाश मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी है। बचाव दल ने उसके शव को खोजने के प्रयास और तेज कर दिए हैं।
लड़के की पहचान वदूरा पाईन निवासी मोहम्मद रफीक हाजम के पुत्र फुकान रफीक हाजम के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार किशोर रविवार शाम को नाले के किनारे से गलती से फिसल गया और तेज धारा में बह गया। घटना के तुरंत बाद नागरिक सुरक्षा, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया। रविवार को घंटों की तलाशी के बावजूद लड़के का पता नहीं चल सका जिसके चलते अधिकारियों ने सोमवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया जो आज भी जारी है।
स्थानीय स्वयंसेवकों और निवासियों ने भी खोज में हिस्सा लिया है और बचाव कर्मियों को नाले के विभिन्न हिस्सों की तलाशी में सहायता कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि लापता लड़के के मिलने तक अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से मानसून के मौसम में तेज बहने वाली धाराओं और नालों के किनारों से दूर रहने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि उफनते जल निकाय गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता