तरनाह नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों का एसडीएम हीरानगर ने किया निरीक्षण

 


हीरानगर, 30 जून (हि.स.)। आगामी मानसून को देखते हुए एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह ने तरनाह नदी के चन चरखरी, चपाकी क्षेत्र में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी किनारे किए जा रहे क्रेट वर्क की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान फ्लड कंट्रोल डिवीजन कठुआ के सहायक कार्यकारी अभियंता व अन्य इंजीनियर भी मौजूद रहे जिन्होंने कार्यों की स्थिति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य एसएएससीआई योजना के तहत क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षित करने के लिए किया जा रहा है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और मानसून से पहले सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान इसी क्षेत्र में नदी किनारा टूट गया था जिससे मथुरा चक सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया था और फसलों व संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। वर्तमान में चल रहे कार्य का उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है। एसडीएम ने प्रशासन की बाढ़ तैयारी के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया