संत कबीर के 508वें निर्वाण दिवस पर भव्य सत्संग, एकता, समानता और भाईचारे का संदेश गूंजा

 


जम्मू, 25 फ़रवरी (हि.स.)। कबीर समाज सेवा संस्था, कबीर मंदिर–सेलाहर द्वारा संत कबीर के 508वें निर्वाण दिवस को श्रद्धा, भक्ति और सामुदायिक सौहार्द के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कबीर मंदिर, सेलाहर में पूज्य बिट्टा जी के सान्निध्य में भव्य सत्संग का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर महान संत एवं समाज सुधारक को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत भजनों और कबीर वाणी के पाठ से हुई, जिसमें संत कबीर की शिक्षाओं, एकता, समानता और जाति-पाति से ऊपर उठकर भक्ति, को याद किया गया। सत्संग में सत्य, करुणा और सामाजिक समरसता का संदेश गूंजता रहा, जो आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक है।

मुख्य अतिथि के रूप में राजीव भगत उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संत कबीर की सार्वभौमिक शिक्षाओं को मानवता के लिए मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनका भाईचारे और सामाजिक समानता का संदेश आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में एफ.सी. भगत, शमशेर चंद, सुरेखा भगत तथा गरु राम भगत सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी संत कबीर की शिक्षाओं को दैनिक जीवन में अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण किया गया। संस्था प्रबंधन ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा