जम्मू के मंडाल गांव में संत निरंकारी मिशन का भव्य सत्संग आयोजित, ब्रह्मज्ञान और सच्ची भक्ति के संदेश से गूंजा क्रिकेट स्टेडियम परिसर

 


जम्मू, 02 मार्च (हि.स.)। संत निरंकारी मिशन शाखा जम्मू द्वारा मंडल गांव स्थित क्रिकेट स्टेडियम में एक भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक समागम में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा वातावरण भक्ति, शांति और एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा। सत्संग की अध्यक्षता अनिल चाढ़क, प्रचारक, एसएनएम जम्मू ने की। अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति और सच्ची भक्ति का आचरण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भक्ति केवल बाहरी रीति-रिवाजों या परंपराओं तक सीमित नहीं है बल्कि सतगुरु की कृपा से निराकार परमात्मा की अनुभूति ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने कहा, “ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर परमात्मा का साक्षात्कार करना ही वास्तविक भक्ति है।”

उन्होंने आगे बताया कि ब्रह्मज्ञान वह दिव्य दृष्टि है जो जीवित सतगुरु द्वारा प्रदान की जाती है जिससे साधक सर्वव्यापी परमात्मा को अपने भीतर और चारों ओर अनुभव करता है। इस ज्ञान से जीवन में प्रेम, नम्रता, सहनशीलता, क्षमा और निस्वार्थ सेवा जैसे गुण स्वतः विकसित होते हैं तथा जाति, धर्म और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर संपूर्ण मानवता को एक परिवार के रूप में देखा जाता है। जोनल इंचार्ज जम्मू अजीत सिंह ने बताया कि पूज्य सुदीक्षा जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन में संत निरंकारी मिशन ज्ञान-आधारित भक्ति, एकता और निस्वार्थ सेवा का संदेश विश्वभर में प्रसारित कर रहा है। सत्संग का समापन सामूहिक लंगर के साथ हुआ। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा और ब्रह्मज्ञानमय जीवन जीने की नई ऊर्जा का स्रोत बना।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा