जम्मू के श्री गीता भवन में सनातन धर्म सभा ने विजयदशमी की तैयारियों को लेकर की बैठक
जम्मू, 14 अक्टूबर (हि.स.)।
आगामी विजयदशमी पर्व को भव्य और सफल बनाने के उद्देश्य से श्री सनातन धर्म सभा जम्मू-कश्मीर की महत्वपूर्ण बैठक श्री गीता भवन, जम्मू में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधिचि ने की।
इस दौरान विजयदशमी कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन के विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में सभा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात सिंह जम्वाल, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन सभा के महासचिव संजय गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधिचि ने कहा कि विजयदशमी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है जो धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज को सत्य, न्याय, सद्भाव और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं ताकि कार्यक्रम धार्मिक श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा ने कहा कि विजयदशमी का पर्व भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
सभा की ओर से जानकारी दी गई कि आगामी विजयदशमी कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को स्वामी दिनेश भारती के आध्यात्मिक प्रवचन सुनने का अवसर भी मिलेगा।
बैठक में कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात सिंह जम्वाल ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद करते हुए विजयदशमी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में अनिल मगोतरा, विजय शर्मा, आत्मा राम सागर, दिलीप गुप्ता, शिल्पी वर्मा, अनु गुप्ता, डॉ. स्वाति शर्मा, अक्षी बलोरिया, सुदर्शन खजूरिया, अजय गुप्ता, एडवोकेट राजेश गुप्ता, केशव चोपड़ा, कुलदीप कोतवाल, सुरिंदर महाजन, मानव महाजन, अनूप मित्तल और अपार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता