सांबा पुल घोटाले में चार इंजीनियरों के बाद 5 और अधिकारी सस्पेंड

 

सांबा, २7 नवंबर (हि.स.)। सांबा जिले में एक बड़े पुल के निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच का दायरा और बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने तत्काल प्रभाव से 5 और अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इससे पहले सांबा में इसी पुल के निर्माण में हुई अनियमितताओं के चलते 4 इंजीनियरों को सस्पेंड किया गया था।

यह ताजा कार्रवाई सांबा जिले के सुम्ब ब्लॉक में टी ओ आई से तालौर होते हुए ढलोटे तक जाने वाली सड़क पर एक बड़े पुल के निर्माण के संबंध में की गई है, जिसे पीएमजीएसवाई -III के तहत बनाया जा रहा था। लोक निर्माण विभाग के अनुसार अधिकारियों के आचरण की जांच पूरी होने तक उन्हें सस्पेंड रखने का आदेश दिया गया है। यह आदेश पहले जारी किए गए आदेश के क्रम में ही है। इन अधिकारियों को 'जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियमों' के तहत सस्पेंड किया गया है।

हाल ही में सस्पेंड किए गए अधिकारियों में कुशल बरू (हेड ड्राफ्ट्समैन आर एंड बी डिवीजन नगरोटा), अंजना (हेड ड्राफ्ट्समैन, पीएमजीएसवाई डिवीजन जम्मू), अरुण कुमार (ड्राफ्ट्समैन, डीआईक्यूसी जम्मू), सनी शर्मा (ड्राफ्ट्समैन, मुख्य अभियंता कार्यालय, पीएमजीएसवाई जम्मू) और चंदन (कंप्यूटर ऑपरेटर,पीएमजीएसवाई डिवीजन उधमपुर) शामिल हैं। सस्पेंशन की अवधि के दौरान ये सभी 5 अधिकारी लोक निर्माण सर्कल, कठुआ-सांबा के अधीक्षण अभियंता के कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता पाने का अधिकार होगा।

इन नई कार्रवाइयों के साथ इस मामले में सस्पेंड किए गए अधिकारियों की कुल संख्या अब 9 हो गई है। इससे संकेत मिलता है कि सरकार पीएमजीएसवाई पुल परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच को और तेज कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह