सलाल डैम के गेट खोले गये, लोगों से अपील नदियों, नहरों, नालों आदि के नजदीक न जाएं
जम्मू, 17 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने जनता के लिए खास सूचना जारी की है। जारी की गई इस सूचना के अनुसार आज से सलाल डैम के गेट खोले गये हैं। इसके चलते नदियों, नालों आदि का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसी के चलते प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नहरों, नालों आदि के नजदीक न जाएं और जलस्तर बढ़ने के खतरे के चलते सावधानी बरतें।
जानकारी के मुताबिक, प्रशासन द्वारा जारी इस सूचना में लिखा गया है कि आज अरनास, नारलू, थनपाल, घडी, धरण और आसपास के गांवों में आम जनता को सूचित करने के लिए एक सार्वजनिक घोषणा की गई कि सलाल बांध परियोजना के सभी गेट 17 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक खोले जाएंगे।
निवासियों को बताया जा रहा है कि बांध के गेट खुलने से चिनाब नदी के जल स्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। उन्हें सलाह दी गई कि वे इस अवधि के दौरान नदी में या उसके किनारों पर न जाएं और अपने मवेशियों को चराने या पानी पिलाने के लिए नदी के पास न लेकर जाएं।
जनता से यह भी अनुरोध किया जाता है कि वे इस सलाह का सख्ती से पालन करें और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह जानकारी अन्य निवासियों तक भी पहुंचाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह