सकीना इटू ने हड़ताल पर बैठे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की
श्रीनगर, 12 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने शनिवार को हड़ताल पर बैठे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील करते हुए कहा कि उनका काम संवेदनशील है और सरकार उनकी मांगों पर विचार कर रही है जिनमें वेतन, अवकाश वेतन और पेंशन लाभ से संबंधित मुद्दे शामिल हैं।
इटू ने कहा कि वह हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से कई बार मिल चुकी हैं और उन्हें हड़ताल खत्म करने के लिए मनाने की कोशिश कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें कभी नहीं रोका। जब भी वे मुझसे मिलने आए मैंने उनसे बात की। इस विरोध प्रदर्शन से पहले भी मैंने उनसे बात की थी। मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की थी।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों को दिए जाने वाले कम वेतन का मुद्दा पहले ही केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता