लोन ने जम्मू के सिदडा में चलाए गए विध्वंस अभियान में मिलीभगत का लगाया आरोप

 

हंदवाड़ा, 22 मई (हि.स.)। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर सरकार पर जम्मू के सिदडा में चलाए गए विध्वंस अभियान में मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि प्रशासन उच्च स्तर पर भ्रष्टाचार को नजरअंदाज करते हुए चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहा है। लोन ने ये टिप्पणियां जेल में बंद सांसद इंजीनियर राशिद के पिता के निधन पर उनके परिवार को सांत्वना देने के लिए मावर जाने के बाद हंदवाडा में पत्रकारों से बात करते हुए कीं।

उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला करते हुए लोन ने कहा कि उन्होंने हाल ही में समाप्त हुए विधानसभा सत्र के दौरान यह मुद्दा उठाया था और सरकार से वन विभाग को विध्वंस अभियान चलाने से रोकने का आग्रह किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कई मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और भ्रष्टाचार-विरोधी ब्यूरो (एसीबी) के कामकाज पर सवाल उठाए।

लोन ने कहा कि अगर कोई जन प्रतिनिधि किसी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाता है तो एसीबी का नैतिक दायित्व बनता है कि वह मामले की जानकारी जुटाए और जांच करे।

उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार-विरोधी एजेंसियां सिर्फ निचले स्तर के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं जबकि प्रभावशाली राजनेताओं के खिलाफ कार्रवाई से बच रही हैं। उन्होंने कहा कि पटवारियों और निचले स्तर के अधिकारियों को पकड़ना आसान है। मैं एसीबी को चुनौती देता हूं कि वह भ्रष्ट मंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई करे।

लोन ने यह भी आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला सरकार जमीनी स्तर पर निष्क्रिय है और दावा किया कि मुख्यमंत्री जनहितैषी मुद्दों को संबोधित करने के बजाय सार्वजनिक कार्यक्रमों में अधिक व्यस्त हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता