फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल की चौथी पुण्यतिथि पर सैनिक स्कूल नगरोटा के कैडेट्स को किया गया सम्मानित

 


जम्मू, 28 जुलाई (हि.स.)।

सैनिक स्कूल नगरोटा ने अपने बहादुर पूर्व छात्र फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल को उनकी शहादत की चौथी बरसी पर श्रद्धांजलि दी। यह कार्यक्रम उनके माता-पिता और नगरोटा पूर्व-छात्र संघ द्वारा एमएएम स्पोर्ट्स क्लब जम्मू में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में युवा फाइटर पायलट के जीवन और उनकी विरासत को याद किया गया साथ ही सैनिक स्कूल नगरोटा के कैडेट्स की पढ़ाई और खेल में उपलब्धियों को भी सराहा गया। कैडेट्स को उनके समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्टता की चाह के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सैनिक स्कूल नगरोटा के प्रिंसिपल कैप्टन शिबू देवासिया, पूर्व छात्र, माता-पिता और अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम को और खास बनाते हुए कैडेट माहिर पंजूर ने बांसुरी पर एक भावपूर्ण प्रस्तुति दी जबकि महिला कैडेट्स ने एक मधुर सामूहिक गीत गाया। दर्शकों ने दोनों प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बाल 2007 में सैनिक स्कूल नगरोटा में शामिल हुए और 2014 में नेशनल डिफेंस एकेडमी में जाने से पहले य लहां से पढ़ाई पूरी की। 2018 में भारतीय वायु सेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद उन्होंने फाइटर पायलट बनने का अपना सपना पूरा किया। 28 जुलाई 2022 को मिग-21 ट्रेनर विमान की उड़ान के दौरान देश की सेवा करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने उन्हें एक साहसी अधिकारी, एक प्रेरणादायक पूर्व छात्र और देश की सेवा करने की इच्छा रखने वाले युवा कैडेट्स के लिए एक आदर्श के रूप में याद किया। उन्होंने कैडेट्स से साहस, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा के उन आदर्शों को बनाए रखने का आह्वान किया जिन्होंने उनके जीवन को परिभाषित किया था। कार्यक्रम का समापन भावपूर्ण श्रद्धांजलि और देशभक्ति तथा 'स्वयं से पहले सेवा' की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के नए संकल्प के साथ हुआ।

वक्ताओं ने कहा कि नायकों की विरासत को उनके जीवित रहने के वर्षों से नहीं बल्कि उनके द्वारा छोड़े गए मूल्यों से मापा जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह