सैनिक कॉलोनी के नागरिकों ने भेदभाव के आरोप लगाए
जम्मू,, 19 मार्च (हि.स.)।
जम्मू के सैनिक कॉलोनी के सम्मानित नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी जम्मू-कश्मीर मोहम्मद शफी चक से मुलाकात कर कॉलोनी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने रजिस्ट्रार को बताया कि कॉलोनी में नागरिकों और फौजी निवासियों के बीच एक प्रकार का विभाजन बढ़ रहा है, जिसमें नागरिकों के साथ भेदभाव और अनावश्यक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति से कॉलोनी का आपसी सौहार्द प्रभावित हो रहा है और लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाता और प्रशासनिक मामलों में भी उनके साथ असमान व्यवहार किया जाता है, जबकि कॉलोनी में उनकी संख्या अधिक है।
रजिस्ट्रार मोहम्मद शफी चक ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के भेदभाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पारदर्शिता तथा न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक कदम उठाकर कॉलोनी में समानता, न्याय और एकता को बहाल किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता