फाई कर्मचारियों की सीनियरिटी लिस्ट जल्द जारी करने की मांग

 

जम्मू,, 16 सितंबर (हि.स.)।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने जम्मू नगर निगम में कार्यरत एनजीओ अनसिक्लड सफाई कर्मचारियों की सीनियरिटी लिस्ट को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संघ के प्रधान जम्मू अमर मोमन ने कहा कि करीब तीन महीने पहले कश्मीर में आयोजित एक बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से कहा गया था कि एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सीनियरिटी लिस्ट जल्द तैयार की जाएगी और उसके आधार पर स्थायीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि तीन महीने बीतने के बावजूद यदि सीनियरिटी लिस्ट तैयार होकर कर्मचारियों के सामने नहीं आती है तो सफाई कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में देरी क्यों कर रहा है। संघ ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से शहरों और कस्बों की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं और बारिश, गर्मी, सर्दी तथा आपात परिस्थितियों में लगातार सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनके भविष्य, सेवा अवधि और वरिष्ठता से जुड़ी सीनियरिटी लिस्ट को लेकर लंबे समय तक अनिश्चितता बनी रहना चिंता का विषय है।

संघ ने मांग की कि एनजीओ अनसिक्ल्ड सफाई कर्मचारियों की सीनियरिटी लिस्ट पारदर्शी तरीके से तैयार कर जल्द सार्वजनिक की जाए ताकि प्रत्येक कर्मचारी को अपनी सेवा अवधि और वरिष्ठता की सही जानकारी मिल सके तथा स्थायीकरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असमंजस या भेदभाव की स्थिति न रहे। अमर मोमन ने कहा कि तीन महीने पहले दिए गए आश्वासन के बाद अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीन पर कार्रवाई और स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता