मुख्यमंत्री उमर पर विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों को तोड़ने और राजनीतिक चर्चा को केवल राज्य का दर्जा बहाल करने तक सीमित रखने का रुहुल्लाह मेहदी ने लगाया आराेप

 

श्रीनगर, 15 जुलाई (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद सैयद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने बुधवार को अपनी ही पार्टी के उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों को तोड़ने और राजनीतिक चर्चा को केवल राज्य का दर्जा बहाल करने तक सीमित रखने का आरोप लगाया।

पत्रकारों से बात करते हुए रुहुल्लाह ने कहा कि उमर अब्दुल्ला ने 2019 में भाजपा द्वारा जम्मू-कश्मीर से छीनी गई संपत्ति को बहाल करने का वादा किया था। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अब अपना पूरा ध्यान राज्य का दर्जा बहाल करने पर केंद्रित कर लिया है। रुहुल्लाह ने कहा कि अब वे केवल राज्य का दर्जा बहाल करने की बात करते हैं क्योंकि वे अपनी सत्ता वापस पाना चाहते हैं न कि जनता की आकांक्षाओं या विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों की।

आलोचना जारी रखते हुए श्रीनगर के सांसद ने दावा किया कि राज्य का दर्जा बहाल करना पहले से ही भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के घोषित रोडमैप का हिस्सा है और उन्होंने सवाल उठाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपनी राजनीतिक मांग को केवल इसी मुद्दे तक सीमित क्यों कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य का दर्जा बहाल करना भाजपा का एजेंडा है तो मुझे बताइए कि असली भाजपा एजेंट कौन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता