कठुआ में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 1.50 करोड़ रुपये, डॉ. भारत भूषण ने 16 कार्यों को दी मंजूरी

 


कठुआ, 10 नवंबर (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों के निष्पादन के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि अधिकृत की है। इस राशि से विधानसभा क्षेत्र में कुल 16 विकास कार्य करवाए जाएंगे जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कठुआ नगर परिषद क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी गई है।

विधायक डॉ. भारत भूषण ने बताया कि स्वीकृत राशि में से 52 लाख रुपये नगरी परोल और कठुआ ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में नौ विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे जबकि शेष राशि कठुआ नगर परिषद की सीमा के भीतर सात कार्यों के निष्पादन पर लगाई जाएगी। इन कार्यों में गलियों और नालियों का निर्माण, खूहलों का निर्माण एवं मरम्मत, डीप ड्रेन, टाइल वर्क, पुलियों का निर्माण तथा ड्रीमलैंड पार्क कठुआ के निकट वेंटेड कॉजवे पर सुरक्षा के लिए लोहे की रेलिंग लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों के लिए राशि 1 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध हुई विधायक क्षेत्र विकास योजना (सीडीएस) की बचत राशि में से अधिकृत की गई है।

वहीं विधायक डॉ. भारत भूषण ने कठुआ के वार्ड नंबर-1 स्थित मोहल्ला तरसेम लाल में डीप बोरवेल के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर भाजपा के जम्मू-कश्मीर महासचिव गोपाल महाजन, पूर्व पार्षद तरसेम लाल, डॉ. शिव कुमार, रविंदर पठानिया, रजत खुल्लर, रमेश शर्मा, ग्राउंड वाटर ड्रिलिंग डिवीजन जम्मू के अधिकारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा महासचिव गोपाल महाजन और पूर्व पार्षद तरसेम लाल ने मोहल्ले में बोरवेल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विधायक का आभार जताया। विधायक डॉ. भारत भूषण ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नई पानी की पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए एक और बोरवेल उपलब्ध करवाने का भी प्रयास किया जाएगा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया