अनंतनाग में ड्रग तस्कर की 1 करोड़ की संपत्ति जब्त
श्रीनगर, 21 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार को एक संदिग्ध व्यक्ति की 1 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्ति जब्त कर ली गई जिस पर लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी का संदेह है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अनंतनाग पुलिस ने काजी मोहल्ला निवासी फरदीन अहमद खान की दो मंजिला आवासीय संपत्ति जब्त कर ली है। उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्ति में अनंतनाग शहर के मध्य में स्थित दो मंजिला आवासीय मकान और दो मरला जमीन शामिल है जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ रुपये है।
प्रवक्ता ने बताया कि यह व्यक्ति एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामलों में शामिल रहा है जिनमें एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20-29 के तहत एफआईआर संख्या 114/2026 और एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत एफआईआर संख्या 403/2026 शामिल हैं दोनों अनंतनाग पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह कुर्की मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान करने और उन्हें जब्त करने तथा मादक पदार्थों के व्यापार को समर्थन देने वाले वित्तीय ढांचे को नष्ट करने के लिए अनंतनाग पुलिस के दृढ़ संकल्प को रेखांकित करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता