नशामुक्त जीवन और जिम्मेदार व्यवहार से सड़कें होंगी सुरक्षित

 

कठुआ, 15 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़ीन में मंगलवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश और नारे लेकर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब व नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन एनएमबीए के संयोजक डॉ. बलबिंदर सिंह ने डॉ. शाल्लू रानी और प्रो. मनु सैनी के सहयोग से किया।

इस दौरान डॉ. अरुण देव सिंह, प्रो. अनूप शर्मा, डॉ. रीमी, प्रो. सुमन और प्रो. दीक्षा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया