जीसीओई जम्मू में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन

 


जम्मू, 25 मार्च (हि.स.)। गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जम्मू के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” थीम पर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ज्योति परिहार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सड़क नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है और जागरूकता के माध्यम से ही दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।

रैली में लगभग 50 छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर और प्रभावशाली नारों के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित ड्राइविंग तथा लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों के प्रति लोगों को जागरूक किया। यह रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी जिससे आम लोगों का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर आकर्षित हुआ। कार्यक्रम का समन्वय असिस्टेंट प्रोफेसर रूपा कुमारी, संयोजक रोड सेफ्टी क्लब द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. शालू जसरोतिया, डॉ. सूरज प्रकाश एवं प्रो. रामनदीप क्रालिया भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्रों और शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा