जीजीएम साइंस कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित
जम्मू, 02 मार्च (हि.स.)। यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने और लोगों को जिम्मेदार सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जीजीएम साइंस कॉलेज में रोड सेफ्टी एन्फोर्समेंट एवं अवेयरनेस गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं में जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निरंतर जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है।
रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. सुखदीप सिंह सासन ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए अनुभवात्मक शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता को सड़क सुरक्षा संस्कृति विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर राहुल कैत ने युवाओं से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के संदेशवाहक बनने की अपील की। इसके बाद छात्रों ने कॉलेज गेट के बाहर कैनाल रोड पर राहगीरों और वाहन चालकों से संवाद कर हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग, पैदल यात्री सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग के बारे में जागरूकता फैलायी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा