66 लाख की लागत से सड़क मैकडमाइजेशन कार्य शुरू, विधायक डॉ. भारत भूषण ने किया शुभारंभ
कठुआ, 27 मार्च (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने शुक्रवार सुंदरचक से गंड्याल तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क के मैकडमाइजेशन कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर करीब 66 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जा रहा है।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी, परिवहन आसान होगा और लोगों के दैनिक जीवन में सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क पिछले दो वर्षों से खराब हालत में थी, जिसे अब दुरुस्त किया जा रहा है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुमन बाला, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सरदार शिंगरा सिंह, महासचिव कैप्टन पवन शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग, संबंधित विभाग के अधिकारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क के सुधरने से आवागमन सुगम होगा, यात्रा समय कम होगा और सुरक्षा भी बढ़ेगी। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में विकास के ऐसे और कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया