ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के पालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-डीसी राजेश शर्मा
कठुआ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कचरे के उचित संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में मौजूदा कचरा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने कचरा प्रबंधन नियमों के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर देते हुए थोक कचरा उत्पादकों की पहचान करने और उनके द्वारा उत्पन्न कचरे के उचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित ठोस कचरा प्रबंधन मानकों का पालन नहीं करने वाली औद्योगिक इकाइयों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक इकाइयों सहित सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को कचरे के निस्तारण के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
राजेश शर्मा ने कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग-अलग करने की व्यवस्था को मजबूत बनाने, निगरानी तंत्र को प्रभावी करने तथा आम लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान तेज करने पर बल दिया। उन्होंने खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और स्वच्छता मानकों में सुधार के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
बैठक में एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल, सीपीओ रंजीत ठाकुर, एसीपी अजीत कुमार, एओ अखिल कुमार, नगर परिषद कठुआ के सीईओ अमित शर्मा सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया