टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, डीसी कठुआ ने स्क्रीनिंग तेज करने के दिए निर्देश

 


कठुआ, 14 जुलाई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने मंगलवार को टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिले में स्क्रीनिंग गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से टीबी नि-क्षय शिविरों के माध्यम से व्यापक जांच अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में एडीसी महिमा मदान, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, एसडीएम हीरानगर फुलेल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राधा कृष्ण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी ने अभियान के तहत अब तक की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले भर में टीबी नि-क्षय शिविरों का शेड्यूल तैयार कर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों की समय पर पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि जिला टीबी उन्मूलन समिति अभियान की नियमित निगरानी करे और स्क्रीनिंग, केस डिटेक्शन, उपचार एवं मरीजों की देखरेख में कोई कमी न रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया