स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा, ग्रामीण स्वच्छता परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
जम्मू, 28 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण स्वच्छता जम्मू-कश्मीर की महानिदेशक अनु मल्होत्रा (जेकेएएस) ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत सभी जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जम्मू और कश्मीर के उपनिदेशक ग्रामीण स्वच्छता, सभी जिलों के सहायक आयुक्त पंचायत (एसीपी), निदेशालय के अधिकारी और सलाहकार शामिल हुए। बैठक के दौरान महानिदेशक ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यय की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलों से कहा कि वित्तीय प्रगति की नियमित निगरानी करते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों पर संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
उन्होंने लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी स्पिलओवर कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्षिक कार्यान्वयन योजना (एआईपी) के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया और क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया ताकि ग्रामीण स्वच्छता ढांचे को और मजबूत बनाया जा सके। बैठक में जिला स्वच्छता योजनाओं, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक भागीदारी और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। महानिदेशक ने जिलों को जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने, दस्तावेजीकरण मजबूत करने, सेवा वितरण में सुधार लाने और राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में गांवों की मॉडल सत्यापन स्थिति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन अवसंरचना, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की कार्यशीलता तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर्स की पहचान और सत्यापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी स्वच्छता परिसंपत्तियों के नियमित निरीक्षण, उचित रखरखाव तथा नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनु मल्होत्रा ने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनसहभागिता को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण जम्मू-कश्मीर में स्वच्छता व्यवस्था और जीवन स्तर में और सुधार लाया जा सकेगा। बैठक के अंत में प्रत्येक जिले के लिए कार्ययोजना और समय-सीमा निर्धारित करते हुए मिशन के लक्ष्यों को परिणामोन्मुख ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा