कठुआ में जनगणना 2027 के स्व-गणना चरण की तैयारियों की समीक्षा
कठुआ, 15 मई (हि.स.)। उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी राजेश शर्मा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन कठुआ ने शुक्रवार एक वर्चुअल बैठक आयोजित कर जनगणना 2027 के स्व.गणना चरण 17 से 31 मई 2026 की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में जिला व सेक्टर स्तर के अधिकारी, सरकारी डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य तथा प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान स्व-गणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से लागू करने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्व.गणना के महत्व और प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें। उन्होंने सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों से समन्वय के साथ कार्य करने और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। अधिकारियों ने जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया