आर.एस. पुरा में मिशन युवा की समीक्षा, बासमती उत्पादकों, महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। मिशन युवा के मिशन निदेशक एवं रोजगार निदेशक हरविंदर सिंह ने शनिवार को आर.एस. पुरा बिजनेस हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की। बैठक में मिशन युवा के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक युवाओं, किसानों तथा महिलाओं को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि आर.एस. पुरा उपमंडल से अब तक 750 से अधिक उद्यम आवेदन प्राप्त हुए हैं। मिशन निदेशक ने विशेष रूप से जीआई-टैग प्राप्त आर.एस. पुरा बासमती उत्पादकों और राइस मिलर्स को मिशन युवा के नैनो वर्टिकल के तहत शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे उद्यमों को एग्री कॉर्पस फंड के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रूपये तक का बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उपमंडलीय कृषि अधिकारी को संभावित लाभार्थियों की सूची तैयार कर इसी माह जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ को पर्यटन आधारित उद्यमिता के लिए विकसित करने पर भी जोर देते हुए स्थानीय युवाओं को फूड ट्रक और खानपान केंद्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। इस संबंध में ब्लॉक विकास अधिकारी, सुचेतगढ़ को उपयुक्त स्थानों और संभावित उद्यमियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। वहीं आर.एस. पुरा नगर क्षेत्र में पहले से संचालित उद्यमों को मिशन युवा के बिजनेस एक्सेलेरेशन घटक के तहत विस्तार के लिए जागरूक करने को कहा गया। मिशन निदेशक ने 'उद्यम जागृति' अभियान को और प्रभावी बनाने, लखपति दीदियों तथा विद्यार्थियों को मिशन युवा के विभिन्न घटकों से जोड़ने पर भी बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला उद्यमियों की पहचान कर उनके प्रस्तावों को स्वीकृति और वित्तीय सहायता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में बैंकों से लंबित आवेदनों के शीघ्र अनुमोदन एवं ऋण वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि तकनीकी कमियों वाले आवेदनों को सीधे निरस्त करने के बजाय आवश्यक सुधार करवाकर पात्र आवेदकों को योजना का लाभ दिलाया जाए। मिशन निदेशक ने पंचायत स्तर पर प्रदर्शन में सुधार लाने पर जोर देते हुए आर.एस. पुरा बिजनेस हेल्प डेस्क की अगली समीक्षा पंद्रह दिन बाद करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम आर.एस. पुरा अनुराधा ठाकुर, तहसीलदार, विभिन्न ब्लॉक विकास अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी, जेएंडके बैंक, जेएंडके ग्रामीण बैंक, जेकेआरएलएम के प्रतिनिधि, युवा दूत और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा