जदीबल में जल शक्ति कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

 


श्रीनगर, 31 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने जदीबल विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सिविल सचिवालय श्रीनगर में आयोजित बैठक में विधायक जदीबल तनवीर सादिक, मुख्य अभियंता जल शक्ति कश्मीर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पेयजल आपूर्ति और संबंधित ढांचागत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए और अंतिम चरण में पहुंच चुकी परियोजनाओं को शीघ्र चालू किया जाए ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संसाधनों के उचित उपयोग और कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। राणा ने कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों में निर्बाध और समान पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को तेजी से पूरा करने, कम सेवा वाले क्षेत्रों में वितरण व्यवस्था सुधारने और पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार जल आपूर्ति ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी देरी से सीधे जनता प्रभावित होती है इसलिए सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया