पंपोर में जल शक्ति परियोजनाओं की समीक्षा, जल्द पूरा करने के निर्देश
श्रीनगर, 25 जून (हि.स.)। जल शक्ति वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने पंपोर विधानसभा क्षेत्र में चल रही जल शक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विधायक हसनैन मसूदी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं उन्हें छोटी-मोटी बाधाओं को दूर कर शीघ्र शुरू किया जाए ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने भूमि मुआवजा मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर भी जोर दिया। राणा ने अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही बरसात के मौसम से पहले बाढ़ सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के सही उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी योजना की राशि व्यर्थ न जाए और विकास कार्य समय पर पूरे हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया