स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की समीक्षा, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त जम्मू डॉ. राकेश मिन्हास ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य समारोह स्थल पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने, सरकारी कार्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों की आकर्षक सजावट और रोशनी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभिन्न समितियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने समिति अध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और नागरिक प्रशासन को सुरक्षा, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने, जम्मू नगर निगम को समारोह स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को जलपान सहित अन्य आवश्यक प्रबंध समय पर करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विधु शेखर, एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह, मुख्य योजना अधिकारी अजयपाल सिंह, एएसपी ट्रैफिक अरविंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसी अवसर पर उपायुक्त डॉ. राकेश मिन्हास ने बिश्नाह के दो उभरते खिलाड़ियों कन्हैया चौधरी और जिया चौधरी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो और किक बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मान स्वरूप दोनों खिलाड़ियों को 5-5 हजार रूपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। जिया चौधरी ने वर्ष 2025 में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दो रजत पदक जीतने के बाद 2026 में इंडिया ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक हासिल किए। वहीं कन्हैया चौधरी ने 2025 में जिला एवं राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने के बाद 2026 में इंडिया ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप और इंटरनेशनल मात्सोगी डो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जम्मू जिले का नाम रोशन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा