जिला कैपेक्स बजट 2026-27 की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कठुआ, 3 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में जिला कैपेक्स बजट 2026-27 के तहत चल रहे और नए विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त राजेश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यवार प्रगति, वित्तीय व्यय, निर्धारित समयसीमा तथा विकास कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही अड़चनों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों ने उपायुक्त को चालू वित्त वर्ष में जारी कार्यों और नए स्वीकृत कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। उपायुक्त ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्य स्वीकृत मानकों और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए तथा कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया जाए। राजेश शर्मा ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्वीकृत परियोजना में अनावश्यक प्रक्रियागत या विभागीय समन्वय की कमी के कारण देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आवंटित धनराशि के प्रभावी उपयोग तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को नियमित रूप से अपडेट करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में आने वाली अड़चनों की पहचान कर आपसी समन्वय से उनका समाधान करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा ताकि विकास परियोजनाओं का लाभ लोगों तक जल्द पहुंच सके।
बैठक में एडीशनल जिला विकास आयुक्त सुरेंद्र मोहन, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, सहायक आयुक्त विकास गुलशन कुमार, विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया