22 जलापूर्ति योजनाओं के पुनर्स्थापन कार्य शुरू, विधायक ने 4.16 करोड़ की परियोजनाओं का किया शुभारंभ
कठुआ, 08 अगस्त (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने शनिवार को जंगलोट गांव से 22 जलापूर्ति योजनाओं के स्थायी पुनर्स्थापन कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इन कार्यों पर 4.16 करोड़ रुपये की लागत आएगी जिससे पिछले वर्ष बाढ़ में क्षतिग्रस्त जल आपूर्ति ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष जिला विकास परिषद रघुनंदन सिंह बबलू, जल शक्ति विभाग (पीएचई सिविल व मैकेनिकल) के कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता, पूर्व संयुक्त निदेशक योजना दविंदर सिंह जसरोटिया, पूर्व जिला प्रबंधक ग्रामीण बैंक नरेंद्र सिंह जसरोतिया सहित विभागीय अधिकारी और जंग्लोट पंचायत के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि अगस्त 2025 की बाढ़ से जलापूर्ति सहित कई विभागों को भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उदार सहायता के चलते अब स्थायी पुनर्स्थापन कार्य संभव हो पाए हैं। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से कठुआ विधानसभा क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दिलवां, जंगलोट, कठुआ शहर, चक सोना नूपा, गोविंदसर-खरोेट, जगतपुर, चक गधाधार, मढांडी, चक रिज्जू, चन्नग्रां, धनौड़, लखनपुर, खन्यारा, महा, करोह खोख्याल, गूंड, मीरपुर राम और नरोलियां सहित कई गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था को स्थायी रूप से बहाल किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं इन परियोजनाओं की प्रगति की मासिक समीक्षा करेंगे।
स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति ढांचे के पुनर्स्थापन के लिए विधायक के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया