कंडी बेल्ट में पेयजल संकट दूर करना सरकार की प्राथमिकता: जावेद राणा

 


जम्मू, 13 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार में जल शक्ति, वन एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद राणा ने कहा है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जम्मू क्षेत्र के कंडी बेल्ट सहित पहाड़ी इलाकों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

सिद्धड़ा में पूर्व जम्मू नगर निगम पार्षद शमा बेगम द्वारा आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राणा ने कहा कि वर्तमान सरकार को वर्षों की प्रशासनिक उपेक्षा विरासत में मिली है, लेकिन इसके बावजूद जनसमस्याओं के समाधान के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक के दौरान भाजपा नेतृत्व वाली व्यवस्था लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही।

राणा ने कहादावा किया कि कंडी और पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल संकट लंबे समय तक नजरअंदाज किया गया। कई महत्वपूर्ण योजनाएं अधूरी छोड़ दी गईं जबकि उमर अब्दुल्ला के पिछले कार्यकाल में शुरू की गई अनेक परियोजनाएं बीच में ही रोक दी गईं या ठंडे बस्ते में डाल दी गईं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बनने के बाद जम्मू क्षेत्र को फिर से वह प्राथमिकता मिलनी शुरू हुई है जिसका वह हकदार है। मंत्री ने बताया कि सिद्धड़ा-रगोरा-गुज्जर बद्री जलापूर्ति योजना (डब्ल्यूएसएस) के उन्नयन को 851 लाख रुपये की अनुमानित लागत से मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से रगोरा, डवारा, गुज्जर बस्ती, थरार, अर्धानी तथा बत्रा अस्पताल के पीछे स्थित क्षेत्रों सहित कई इलाकों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अगस्त माह की बारिश से हुए नुकसान की स्थायी बहाली के लिए 482.51 लाख रुपये की लागत से कार्य शुरू किए गए हैं जिससे प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूर्ण लोकतांत्रिक अधिकारों और शक्तियों की बहाली में विलंब से विकास की गति प्रभावित हुई है और लोगों की आकांक्षाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने केंद्र सरकार से राज्य का दर्जा शीघ्र बहाल करने की मांग की।

बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा पेयजल, बिजली, सड़क, संचार और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए। कार्यक्रम में एससी सेल के चेयरमैन विजय लोचन, केंद्रीय जोन के उपाध्यक्ष राकेश सिंह राका, रजाक चौधरी, चौधरी जमील सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा