नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान-बाबू राम टंडन
बसोहली, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व-2026 के तहत पंचायत समान के आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा के निर्देशन में बीबीडीए के सीईओ बाबू राम टंडन ने किया।
शिविर में लोगों ने सड़क संपर्क, बंदरों के आतंक, स्कूल उन्नयन, अस्पताल में स्टाफ की कमी, पशु चिकित्सा केंद्र खोलने और पेयजल जैसी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया। बाबू राम टंडन ने लोक निर्माण विभाग के एईई को शाहरा से नगाना तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा पीएमजीएसवाई को पंचायत समान के वार्ड नंबर छह में सड़क संपर्क को योजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने पर जोर दिया। साथ ही पंचायत समान में सप्ताह में दो दिन पशु चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बंदरों के आतंक की समस्या को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। शिविर के दौरान शिक्षा विभाग ने बताया कि मिडिल स्कूल जंद्रोटा के उन्नयन के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पूर्व सरपंचों, पूर्व पंचों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। बाद में बाबू राम टंडन ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया