रियासी पुलिस ने 206 खोए हुए मोबाइल फोन किए बरामद, असली मालिकों को सौंपा जा रहे
रियासी, 24 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी में रियासी पुलिस ने 206 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं और 2026 में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों के 33.49 लाख का पता लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि रियासी साइबर पुलिस स्टेशन ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ श्री माता वैष्णो देवी मंदिर और शिव खोड़ी मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों के 206 खोए हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन को जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके असली मालिकों को सौंपा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एक और बड़ी उपलब्धि में साइबर पुलिस स्टेशन ने 2026 के दौरान दर्ज विभिन्न साइबर धोखाधड़ी मामलों में पीड़ितों द्वारा गंवाई गई 33.49 लाख की राशि का पता लगाकर उसे बरामद किया है। इस राशि में से 17.36 लाख अदालत के जरूरी आदेश मिलने के बाद पीड़ितों को वापस किए जा चुके हैं। बाकी बरामद राशि अभी कानूनी प्रक्रिया के तहत है और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद असली हकदारों को जारी कर दी जाएगी।
रियासी पुलिस ने नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे खोए हुए मोबाइल फोन की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस चौकी में दें।
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता