रियासी पुलिस ने ड्रग तस्कर को पकड़ा, 91.1 ग्राम गांजा ज़ब्त

 


रियासी, 05 जुलाई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को जारी रखते हुए ज़िला पुलिस रियासी ने एक ड्रग तस्कर को पकड़कर और उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद करके एक और सफलता हासिल की है।

कटरा पुलिस स्टेशन की एक पुलिस टीम न्यू बस स्टैंड, कटरा के पास ट्यूलिप ट्री होटल के पास नियमित गश्त और नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने रजिस्ट्रेशन नंबर जेके20डी-2070 वाले नीले रंग के इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा को रोका। पुलिस टीम को देखकर ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 91.1 ग्राम गांजा और 9,800 नकद बरामद किए गए। माना जा रहा है कि यह रकम ड्रग तस्करी से कमाई गई थी।

आरोपी की पहचान गणेश शर्मा पुत्र चुनी लाल, निवासी कोटली बाजलियान, कटरा के तौर पर हुई है। इस मामले में कटरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी नंबर 221/2026 दर्ज की गई है। बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता