भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रुका
रामबन, 22 जुलाई (हि.स.)।
बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ से गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई। पूरे रास्ते में हुई भारी बारिश के कारण उधमपुर और रामबन जिलों में कई जगहों पर पत्थर गिरने और मिट्टी धंसने (मडस्लाइड) की घटनाएं हुईं।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए एहतियात के तौर पर जम्मू और श्रीनगर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि उधमपुर और रामबन जिलों के संवेदनशील इलाकों में मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की कई घटनाएं हुईं जिससे हाईवे गाड़ियों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गया।
इस बीच नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की टीमों को प्रभावित जगहों पर मिट्टी, पत्थर और जमा मलबा हटाने के लिए तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि मौसम ठीक होने और प्रभावित हिस्सों को ट्रैफिक के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद बहाली का काम शुरू किया जाएगा।
यात्रियों को सलाह दी है कि जब तक मौसम ठीक न हो जाए और सड़क गाड़ियों की आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित न हो जाए तब तक हाईवे पर कोई यात्रा न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह