रमन भल्ला ने बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं पर सरकार को घेरा
जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर सरकार से प्रदेश की जनता की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु तत्काल और समयबद्ध कदम उठाने की मांग की।
एक जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के लोग बेरोजगारी, महंगाई, बिजली कटौती, पेयजल संकट और बुनियादी नागरिक सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। भल्ला ने बेरोजगारी को सबसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि हजारों शिक्षित युवा लंबित भर्तियों, रिक्त पदों और औद्योगिक विकास की कमी के कारण अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कौशल आधारित रोजगार सृजन पर जोर दिया।
महंगाई, बिजली दरों और ईंधन कीमतों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर मध्यम वर्ग, दिहाड़ी मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने दैनिक वेतनभोगियों, संविदा कर्मचारियों और योजना कर्मियों के नियमितीकरण के लिए मानवीय और व्यापक नीति बनाने की भी मांग की। भल्ला ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बिजली, पेयजल और विकास कार्यों की धीमी गति पर भी सवाल उठाए। किसानों और बागवानों को मौसम की मार तथा फसल नुकसान के उचित मुआवजे की कमी का सामना करने का उल्लेख करते हुए उन्होंने निष्पक्ष खरीद नीति और समय पर वित्तीय सहायता की मांग की।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पूर्व चेयरमैन जम्मू नगर निगम सतीश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कई स्थानीय नेता और नागरिक उपस्थित रहे। भल्ला ने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन ही जनता का विश्वास बहाल कर सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा