टाइनी स्कॉलर्स स्कूल में राखी मेकिंग प्रतियोगिता, ब्रेवरी हाउस ने हासिल किया प्रथम स्थान
कठुआ, 25 अगस्त (हि.स.)। टाइनी स्कॉलर्स स्कूल में कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों के लिए इंटर-हाउस राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीम भावना तथा पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की भावना को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पत्तियों, फूलों, मसालों तथा अनुपयोगी सामग्री का प्रयोग कर आकर्षक एवं अभिनव राखियां तैयार कीं। विद्यार्थियों की राखियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, सामग्री के प्रयोग और समग्र प्रस्तुति के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में टाइनी स्कॉलर्स स्कूल की एमडी मनीषा गुप्ता, बचपन प्ले स्कूल की कोऑर्डिनेटर मोनिका शर्मा तथा प्रबंधन की प्रतिनिधि सदना गुप्ता शामिल रहीं। प्रतियोगिता में ब्रेवरी हाउस ने प्रथम, विजडम हाउस ने द्वितीय तथा ऑनेस्टी हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्कूल की एमडी मनीषा गुप्ता ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए बधाई देते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। वहीं टाइनी स्कॉलर्स स्कूल की कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा ने भी सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए पर्यावरण अनुकूल सामग्री से राखियां तैयार करने के प्रयास की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें टीमवर्क और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस प्रकार राखी पर्व का आयोजन विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं सार्थक अनुभव बन गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया