राजौरी की ऐतिहासिक भैरव यात्रा को भारत की राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में किया गया शामिल, उपराज्यपाल सिन्हा ने दी बधाई

 

श्रीनगर, 15 जुलाई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को राजौरी जिला प्रशासन और जम्मू-कश्मीर संस्कृति विभाग को बधाई देते हुए एक पोस्ट जारी किया। राजौरी की ऐतिहासिक भैरव यात्रा को भारत की राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया है।

अपने पोस्ट में सिन्हा ने लिखा कि राजौरी के लिए गर्व का क्षण! जिले की ऐतिहासिक भैरव यात्रा को आधिकारिक तौर पर भारत की राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कर लिया गया है। इस सपने को साकार करने के लिए राजौरी जिला प्रशासन और जम्मू-कश्मीर संस्कृति विभाग को हार्दिक बधाई। यह प्रतिष्ठित मान्यता क्षेत्र की गहरी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों को प्रलेखित करने, संरक्षित करने और उनका जश्न मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने आगे लिखा कि यह राष्ट्रीय सम्मान उन पीढ़ियों के भक्तों के प्रयासों को मान्यता देता है जिन्होंने इस परंपरा को जीवित रखा। भैरव यात्रा को राष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल करने से राष्ट्रीय स्तर पर राजौरी की अनूठी सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और शोध, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सतत विरासत पर्यटन के द्वार खुलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता