11 जून से कई स्थानों पर बारिश, तूफान, बिजली, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं की चेतावनी
श्रीनगर, 07 जून (हि.स.)। मौसम विभाग ने 10 जून तक पूरे जम्मू-कश्मीर में आम तौर पर गर्म और शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है जबकि 11 जून से कई स्थानों पर बारिश, तूफान, बिजली, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डॉ. मुख्तार अहमद ने कहा कि 7 जून से 10 जून तक मौसम की स्थिति काफी हद तक गर्म और शुष्क रहने की उम्मीद है हालांकि दोपहर के समय अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 11 जून से 14 जून तक मौसम आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।
केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की बारिश, संक्षिप्त तीव्र बौछारें, गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। डॉ. अहमद ने इस अवधि के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान, बिजली गिरने ओलावृष्टि और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं के साथ अलग-अलग स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र बारिश की संभावना की चेतावनी दी। उन्होंने आगे आगाह किया कि 11 जून से 14 जून के बीच कश्मीर और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में संक्षिप्त तीव्र वर्षा से अचानक बाढ़ भूस्खलन और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय बाढ़ आ सकती है।
मौसम विभाग ने निवासियों, किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने और पूर्वानुमान अवधि के दौरान आधिकारिक मौसम अपडेट का पालन करने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता