जम्मू-कश्मीर में 30 मार्च तक बारिश और बर्फबारी की संभावना-निदेशक मौसम विभाग

 

श्रीनगर, 28 मार्च (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक सामान्यतः बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डॉ. मुख्तार अहमद ने बताया कि 28 से 30 मार्च तक शाम के समय मौसम सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में अधिकांश स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है।

उन्होंने आगे बताया कि 28 मार्च की रात से 30 मार्च की रात तक गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च को भी सामान्यतः बादल छाए रहने और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 1 से 2 अप्रैल तक मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल के बीच छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है जबकि 5 से 7 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ-साथ छिटपुट बारिश या बर्फबारी होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने 28 से 30 मार्च की रात के दौरान उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी, गरज और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की भी संभावना है। किसानों को 29 और 30 मार्च के दौरान कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी गई है जबकि यात्रियों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता