जम्मू और कश्मीर में आज रात से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना

 

श्रीनगर, 08 अक्टूबर (हि.स.)।श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा गुरुवार को जारी एक सलाह में कहा गया है कि जम्मू और कश्मीर में आज रात से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

विज्ञान विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि आज रात से जम्मू और कश्मीर के 70-80 प्रतिशत हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जबकि ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग की सलाह के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश में 8 से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं जबकि ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। 11 अक्टूबर से मौसम के फिर से शुष्क होने और 13 अक्टूबर की शाम तक शुष्क रहने की संभावना है।

14-15 अक्टूबर को मौसम में एक बार फिर बदलाव आने की संभावना है जिससे कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है।

चेतावनी के अनुसार मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में कई जगहों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। कई स्थानों पर गरज के साथ तूफान और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। चेतावनी में कहा गया है कि 16 अक्टूबर को मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा और 18 अक्टूबर तक ऐसा ही रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता