बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी के दावों की पोल, जम्मू बना ‘डंब सिटी’: विलक्षण सिंह
जम्मू, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (भीम) के अध्यक्ष विलक्षण सिंह ने हालिया बारिश के बाद जम्मू में हुए जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने को लेकर केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारी बारिश से हुए नुकसान के बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। कुछ घंटों की बारिश से शहर में सामान्य गतिविधियां ठप होना प्रशासनिक तैयारियों और नागरिक सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
विलक्षण सिंह ने स्मार्ट सिटी परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जम्मू को स्मार्ट सिटी बनाने के दावों के बीच शहर की स्थिति ‘डंब सिटी’ जैसी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद जल निकासी व्यवस्था, प्राकृतिक जलमार्गों और नालों की सफाई एवं सुधार पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। जलभराव के कारण लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुसने से आम नागरिकों तथा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि जलभराव और सड़कों पर यातायात बाधित होने से भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके। सिंह ने मांग की कि प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित भर्ती परीक्षाएं दोबारा आयोजित की जाएं।
उन्होंने प्रशासन से जम्मू के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वेक्षण कराने, नालियों की खामियों को दूर करने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बार-बार पैदा होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा