जम्मू-कश्मीर में 25 से 27 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना
श्रीनगर, 25 जुलाई (हि.स.)। अगले चार से छह घंटों के दौरान जम्मू और कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट भारी बौछारें पड़ने की संभावना है और दोपहर बाद तक मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 27 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है साथ ही कुछ स्थानों पर विशेष रूप से जम्मू डिवीजन में सुबह के समय संक्षिप्त भारी बौछारें पड़ने की संभावना है। 28 से 31 जुलाई तक एक बार फिर बारिश होने की संभावना है।
इसी बीच श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार 19 से 24 जुलाई की अवधि के दौरान जम्मू और कश्मीर में सबसे अधिक संचयी वर्षा रियासी में 473.2 मिमी दर्ज की गई जबकि कश्मीर घाटी में सबसे अधिक वर्षा कुलगाम में 201.1 मिमी दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान उधमपुर में 417.5 मिमी, राजौरी में 349.9 मिमी, रामबन में 293.4 मिमी, पुंछ में 290 मिमी, कठुआ में 270.4 मिमी, जम्मू में 262.6 मिमी और सांबा में 213 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
घाटी के शोपियां में 145.2 मिमी, श्रीनगर में 144.7 मिमी, पुलवामा में 136.8 मिमी, अनंतनाग में 130.8 मिमी, बारामूला में 119.7 मिमी, कुपवाड़ा और गांदरबल में 115.9 मिमी, बांदीपोरा में 63.7 मिमी और बडगाम में 37.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ये आंकड़े छह दिनों की अवधि के दौरान इन जिलों में दर्ज की गई कुल वर्षा को दर्शाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता