व्यापारियों को रेलवे की बड़ी राहत, कार्गो ट्रेनों की वापसी ट्रिप पर मिलेगी 50 प्रतिशत छूट

 

जम्मू,, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

पार्सल और कार्गो परिवहन को सस्ता बनाने के लिए रेलवे बोर्ड ने व्यापारियों और लॉजिस्टिक्स कारोबारियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। रेलवे ने जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट–रैपिड कार्गो सर्विस (जेपीपी-आरसीएस ) ट्रेनों में राउंड-ट्रिप बुकिंग पर विशेष रियायती दर लागू की है। इसके तहत दोनों दिशाओं के लिए पार्सल कोच की बुकिंग करने पर वापसी की ट्रिप में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

रेलवे बोर्ड के फ्रेट मार्केटिंग सर्कुलर संख्या 26/2026 के अनुसार, यदि कोई व्यापारी, एग्रीगेटर या लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता जेपीपी-आरसीएस ट्रेन में आने और जाने, दोनों तरफ के लिए पार्सल कोच की अग्रिम बुकिंग करता है, तो उसे सामान्य एकतरफा दर का केवल डेढ़ गुना भाड़ा देना होगा।

इसका मतलब है कि एक तरफ का पूरा किराया लिया जाएगा, जबकि वापसी की यात्रा के भाड़े में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। दोनों दिशाओं में सामान्य दर पर बुकिंग की तुलना में कुल भाड़े में 25 प्रतिशत की बचत होगी।

एक ही स्टेशन पर होगी बुकिंग और भुगतान

व्यापारियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बुकिंग प्रक्रिया को भी आसान बनाया है। अब दोनों दिशाओं की बुकिंग और भुगतान मूल स्टेशन पर ही एक बार में किया जा सकेगा। इससे व्यापारियों को बार-बार कागजी कार्रवाई नहीं करनी पड़ेगी और समय की भी बचत होगी।

रेलवे के अनुसार, यह योजना देश के सभी जेपीपी-आरसीएस रूटों पर तत्काल प्रभाव से एक वर्ष के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू की गई है।

कश्मीर के सेब कारोबार को मिलेगा फायदा

रेलवे का कहना है कि इस सुविधा से कश्मीर घाटी के सेब उत्पादकों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। सेब सीजन के दौरान बड़ी मात्रा में फल देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाए जाते हैं।

रियायती भाड़े की सुविधा से सेब और अन्य फल-सब्जियों को जम्मू, दिल्ली, मुंबई सहित देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की परिवहन लागत कम करने में मदद मिल सकती है।

इससे बागवानों, फल व्यापारियों और कार्गो कारोबारियों को माल ढुलाई पर होने वाले खर्च में बचत का अवसर मिलेगा।

उचित सिंघल ने व्यापारियों से लाभ उठाने की अपील की

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू, उचित सिंघल ने बताया कि राउंड-ट्रिप बुकिंग पर डेढ़ गुना भाड़े की व्यवस्था व्यापारिक ग्राहकों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि वापसी की ट्रिप पर 50 प्रतिशत की छूट से परिवहन लागत कम होगी। खासकर कश्मीर के सेब सीजन में बागवानों, फल उत्पादकों और कार्गो एग्रीगेटर्स को इस सुविधा का लाभ मिल सकता है।

जम्मू मंडल रेल प्रशासन ने व्यापारियों, उद्योग संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स और कार्गो एग्रीगेटर्स से अपील की है कि वे रेलवे की इस नई रियायती सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

रेलवे को उम्मीद है कि इस पहल से पार्सल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों को कम खर्च में अपना माल देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता