जीडीसी मढ़हीन में संविधान पर क्विज प्रतियोगिता, टीम ए ने मारी बाजी
कठुआ, 25 मार्च (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मढ़हीन में भारतीय संविधान की संविधान सभा की विभिन्न समितियों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को भारतीय संविधान के निर्माण और विभिन्न समितियों की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। क्विज में ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. आंबेडकर, यूनियन पावर्स कमेटी के प्रमुख पंडित जवाहरलाल नेहरू और प्रांतीय संविधान समिति के अध्यक्ष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य समितियों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में टीम ए, टीम बी और टीम सी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें टीम ए ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम बी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता टीमों को बधाई दी और अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. बलबिंदर सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. अरुण देव सिंह, प्रो. अनूप शर्मा और डॉ. मुनिषा देवी शामिल रहे, जबकि अन्य प्राध्यापक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया